उधमसिंह नगर जिले के सुरेंद्रनगर क्षेत्र में विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मौत को संदिग्ध बताया है।
34 वर्षीय रीना मंडल शनिवार शाम करीब 6 बजे अपने कच्चे घर में लकड़ी के खंभे से साड़ी के सहारे लटकी मिली। घटना के समय उसका पति बाजार गया हुआ था, सास भी घर पर नहीं थी। तीनों बच्चे खेलने बाहर गए थे। शाम को लौटने पर बच्चों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया। दूसरे कमरे में खटिया पर चढ़कर देखने पर मां को फंदे से लटका पाया। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और महिला को नीचे उतारा। परिजन उसे उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई मनोज सरदार निवासी पिपलिया गदरपुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बहन का ससुराल में अक्सर उत्पीड़न होता था। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
