LPG-Cylinder-Blast

उधम सिंह नगर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अज्ञात कारणों से घरेलू सिलिंडर फटने की सूचना से हड़कंप मच गया। इस दौरान चार लोग झुलसे मिले। जबकि दीवार भी टूट गई। इसका पता चलते ही पुलिस पहुंची और झुलसे हुए चारों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आशंका जता रही है कि गैस रिसाव या फिर गैस रिफ्लिंग के दौरान हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गुरुवार दोपहर जय हिंद पब्लिक स्कूल वाली गली चामुंडा मंदिर शिवनगर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अचानक एक मकान में गैस सिलिंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर आ गए। कमरे से धुंआ उठता देख लोग वहां एकत्र हो गए। जहां मकान की दीवार टूटी हुई मिली। साथ ही अंदर चार लोग झुलसे मिले।

यह देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाल ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे, एसएसआइ महेश कांडपाल पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान उन्होंने अपना नाम रामपुर यूपी निवासी कुमार सेन पुत्र बिरखी राम, अंकित कुमार पुत्र कुमार सेन, शाहबाद रामपुर यूपी निवासी सत्यवीर पुत्र किशन लाल और अमारी साहबाद हरदोई यूपी निवासी सुमित कुमार पुत्र छोटे लाल बताया।

कोतवाल मोहन पांडे ने बताया कि चारों युवक जितेंद्र राठौर के मकान में किराए में रहते थे। मौके पर दो सिलिंडर मिले, जिसमें एक छोटा और एक बड़ा घरेलू सिलिंडर था। बताया कि सिलिंडर फटने के कारणों की जांच की जा रही है। देखा जा रहा है कि हादसा सिलिंडर रिफ्लिंग के दौरान हुआ है या फिर खाना बनाते समय गैस रिसाव से हुआ है।

error: Content is protected !!