रुद्रपुर। उत्तराखंड में चल रहे “नशा मुक्ति देवभूमि अभियान” के तहत पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है।
यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। टीम ने रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे स्थित सर्विस लेन पर अपार्टमेंट की ओर जाने वाले कट के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध आर्टिका कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 103.23 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने मौके से गदरपुर निवासी अमरजीत सिंह और सुखदेव सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुके हैं और लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय थे। अमरजीत सिंह पर एनडीपीएस एक्ट के अलावा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उस पर अवैध तमंचा फैक्ट्री चलाने का आरोप भी लग चुका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह क्षेत्र के युवाओं को नशे की लत में धकेल रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों और खुफिया इनपुट के आधार पर इस नेटवर्क को तोड़ने की योजना बनाई गई थी, जिसमें अब सफलता मिली है।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि “नशा मुक्ति देवभूमि अभियान” के तहत आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
