गदरपुर। खेमपुर क्षेत्र में रसोई गैस की कालाबाजारी करने की गोपनीय शिकायत मिलने पर प्रशासन ने छापा मारकर तीन सिलिंडर जब्त किए। शुक्रवार को एसडीएम ऋचा सिंह को सूचना मिली कि खेमपुर क्षेत्र में भूसे के ढेर में सिलिंडरों को छिपाकर कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट और राजस्व विभाग की टीम के साथ खेमपुर में छापा मारा। इस दौरान टीम को भूसे के ढेर के बीच में छिपाकर रखे गए नौ सिलिंडर मिले। जांच के दौरान छह सिलिंडरों के वैध दस्तावेज मिलने पर छोड़ दिया गया जबकि तीन सिलिंडरों को जब्त कर लिया गया। एसडीएम ऋचा सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक ही परिवार में तीन पासबुक होने की भी जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ऋचा सिंह ने स्पष्ट किया कि गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दीपक शर्मा, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद थे।
