dm-nitin

जिले में गैस उपभोक्ताओं की शिकायतों और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि गैस डिलीवरी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि बिना सिलेंडर डिलीवरी किए ही उपभोक्ता के मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भेजा गया, तो संबंधित ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टाफ की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों को बुकिंग के बाद निर्धारित समय में ही उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने यह भी साफ किया कि किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम या एजेंसी से सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। पूरी वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में घरेलू और व्यावसायिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी एजेंसियों को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से गैस वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!