IMG_20260406_143905

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर की गई, जिसका नेतृत्व उधम सिंह नेगी ने किया। छापेमारी की भनक लगते ही कई संचालक अपने सेंटर बंद कर मौके से फरार हो गए। इसके बावजूद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मशीन से ताले तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया और जांच शुरू की

ताले काटकर अंदर घुसी टीम

प्रशासनिक टीम के मॉल पहुंचते ही स्पा सेंटर संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई सेंटरों के बाहर ताले लटके मिले। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कटर मशीन मंगाकर एक-एक कर ताले कटवाए गए और अंदर जांच की गई।

जांच के दौरान टीम को कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी से पूछताछ कर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

नियमों की धज्जियां उड़ाने का आरोप

जांच में कई स्पा सेंटरों में नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अनियमितता बरतने वाले सेंटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की और कुछ स्थानों को बंद भी कराया।

सुरक्षा के मद्देनजर जिन सेंटरों के ताले तोड़े गए, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि अवैध गतिविधियां दोबारा शुरू न हो सकें।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

छापेमारी के बाद स्थानीय निवासियों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई बार कार्रवाई के बावजूद ये स्पा सेंटर कुछ समय बाद फिर से शुरू हो जाते हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संदेह पैदा होता है।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के विपरीत संचालित हो रहे स्पा सेंटरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई का असर कितना स्थायी रहता है।

error: Content is protected !!