mana-sharama_ca87fdbf2f7babf3161de7ee838a1e1f

पूर्व पालिकाअध्यक्ष मीना शर्मा का पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को लेकर रुख नरम होने का नाम नहीं ले रहा है। मीना ने कहा है कि वह ठुकराल के साथ किसी भी कीमत पर काम नहीं करेंगी।

पूर्व विधायक ठुकराल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से ही से ही बगावती तेवर दिखा रहीं मीना शर्मा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मीना ने राजकुमार ठुकराल के साथ कांग्रेस में एक साथ काम करने से साफ इन्कार करते हुए कहा है कि ठुकराल भाजपा में रहते हुए रुद्रपुर में सांप्रदायिक माहौल बने रहे हैं। महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते रहे हैं।

उन्होंने भाजपा में रहते हुए मुस्लिम समाज और मुस्लिम महिलाओं के प्रति अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया है। शर्मा का कहना है कि वह पहले ही अपने सभी पदों से त्यागपत्र दे चुकी हैं। किसी भी दशा में ठुकराल के साथ काम नहीं करेंगी।

मानमनोवल में जुटे आला नेता

मीना शर्मा के नजदीकी लोगों की मानें तो पार्टी के आला नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व सीएलपी लीडर प्रीतम सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल मीना शर्मा से बात कर चुके हैं लेकिन मीना के तेवरों में कोई कमी नहीं आई है। उनका कहना है कि पार्टी के आला नेताओं को भी अपनी भावनाओं से अवगत करा दिया गया है।

मतभेद भुलाकर संगठन को आगे बढ़ाना होगा

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का रविवार को नानकमत्ता में कार्यकर्ताओं के बीच दिया गया भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ठुकराल कह रहे हैं कि कांग्रेस को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को आगे बढ़ाना होगा। वह आगे कह रहे हैं कि पिछले चार वर्षों से वह राजनीतिक रूप से उपेक्षित रहे। कांग्रेस ने उन्हें नया मंच दिया है। वह इस भरोसे को कभी नहीं तोड़ेंगे। ठुकराल कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि जिले की नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी।

error: Content is protected !!