handsome-teacher-cartoon-teaching-mathematics-vector-18112880

रुद्रपुर। जसपुर के प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक ने नशे में बीईओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ कर उसकी दिशा बदलने की कोशिश की। इसके बाद कार्यालय में घुसकर अपशब्द कहे। मामले का संज्ञान लेते हुए डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने कार्रवाई कर शिक्षक को निलंबित कर दिया। शिक्षक को बीईओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

विकासखंड जसपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सूतमिल में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार त्यागी के खिलाफ पूर्व में अलग-अलग माध्यमों से शिकायत मिलने के बाद डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने टीम गठित कर जांच कराई। जांच में आरोपों को सही पाते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय सितारगंज से संबद्ध किया गया है।

शिक्षक पर विद्यालय समय में अनुपस्थित रहकर फर्जी उपस्थिति दर्ज करने, कार्यालय समय के उपरांत उप शिक्षा अधिकारी जसपुर कार्यालय में अनधिकृत रूप से उपस्थित रहने, अपने अनैतिक कृत्यों को छिपाने के उद्देश्य से मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलवाने और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने के भी आरोप हैं। शिक्षक कार्यालय गेट के भीतर वाहन में बैठकर मदिरापान करते थे और कार्यालय समय के बाद नशे की स्थिति में अपशब्दों का प्रयोग करते हुए नियम विरुद्ध आचरण करते थे। जांच समिति ने इन कृत्यों को गंभीर अनुशासनहीनता एवं सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए जांच रिपोर्ट डीईओ को सौंप दी। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने निलंबन की कार्रवाई कर दी।

error: Content is protected !!