रुद्रपुर। खुद को गोली मारने वाले युवा कारोबारी ध्रुव चावला की 66 घंटे बाद मौत हो गई। रविवार शाम करीब 4:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। मां ने उसे बचाने के लिए रुद्रपुर से लेकर गाजियाबाद तक अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन सिर में फंसी गोली के कारण डॉक्टर असहाय रहे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात ध्रुव ने सिविल लाइन रोड स्थित अपनी जूते की दुकान में खुद को गोली मार ली थी। देर रात पार्टनर दुकान पहुंचा तो वह खून से लथपथ मिला और उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक घटना से पहले दुकान के सीसीटीवी बंद थे और मौके से अवैध पिस्टल बरामद हुई है। मामला आत्महत्या, हादसा या साजिश—तीनों एंगल से जांच में है। विधायक और व्यापारी नेताओं ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस कॉल डिटेल, हथियार और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
