G6XlLWnaYAAJVEk

होली के रंगों के बीच सड़कों पर भी सख्त निगरानी का रंग चढ़ेगा। ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद परिवहन विभाग ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य किए गए हैं, शनिवार से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर आमजन के फोन उठाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान हर सफर सुरक्षित और सुगम रहे।

होली पर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कहा है। इसके बाद परिवहन मंत्री ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान बसों की सुरक्षित आवाजाही के साथ उनके फेरों की संख्या बढ़ाई जाए। 28 फरवरी से नौ मार्च तक दिल्ली से पूर्वी दिशा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ और कानपुर में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था रहेगी।

होली के बाद विभिन्न क्षेत्रों से मुख्य रूप से दिल्ली, जयपुर, कानपुर और लखनऊ से पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों के लिए पर्याप्त बसें चलेंगी। निगम की किसी भी बस को बिना ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) के मार्ग पर नहीं चलाया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जाए। वाहनों में ज्वलनशील सामग्री या गैस सिलेंडर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी वाहन को नियम उल्लंघन में रोका जाता है तो यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम तुरंत वैकल्पिक बस उपलब्ध कराए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच की जाएगी। आमजन को जागरूक करने के लिए संभागीय और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा क्षेत्रीय प्रबंधक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।सात दिन कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। होली के दौरान अधिकारी आम लोगों के फोन कॉल अवश्य उठाएंगे और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। अनफिट बसों का संचालन नहीं होगा।

error: Content is protected !!