images (5)

देहरादून। 12 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी पिता कृपाराम को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) एवं प्रथम अपर जिला न्यायाधीश कुसुम शानी की अदालत ने आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके अलावा पीड़िता को राज्य सरकार की योजना के तहत पांच लाख रुपये का प्रतिकर देने के निर्देश दिए हैं।

मां ने घर लौटकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा

मामला 7 अगस्त 2023 का है। पीड़िता की मां लोगों के घरों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करती थी। पति की मृत्यु के बाद उसने दूसरी शादी की थी और अपनी बेटी के साथ आरोपी कृपाराम के साथ रहने लगी थी। घटना वाले दिन शाम करीब साढ़े छह बजे महिला काम से घर लौटी तो उसने अपने दूसरे पति को 12 वर्षीय बेटी के साथ गलत हरकत करते देखा। मां के पहुंचने पर आरोपी ने बच्ची को छोड़ दिया। इसके बाद बच्ची ने मां को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है। वह किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था।

शिकायत करने पर मां-बेटी से मारपीट

पीड़िता की मां ने आरोपी का विरोध किया तो उसने मां-बेटी के साथ मारपीट की और महिला का गला दबाने की कोशिश की। आरोपी ने दोनों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया और घर पर ताला लगाकर चला गया। अगले दिन बच्ची घर छोड़कर चली गई। उसने मां के लिए एक पत्र छोड़ा था, जिसमें अपनी परेशानी का जिक्र किया था। तलाश के बाद बच्ची मिल गई, जिसके बाद मां उसे लेकर पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

दो दिन बाद आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने 9 अगस्त 2023 को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अगले दिन पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र स्थित गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 6 अक्टूबर 2023 को आरोपपत्र दाखिल किया और 23 नवंबर 2023 को अदालत ने आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए।

अदालत में पीड़िता ने दी गवाही

सुनवाई के दौरान पीड़िता ने अदालत को बताया कि घटना के दिन आरोपी ने उसके छोटे भाई-बहनों को चाउमीन लाने के लिए दुकान भेज दिया था। इसके बाद उसने बच्ची के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। बच्ची ने बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ गलत काम कर चुका था। विरोध करने पर वह उसका मुंह दबा देता था और जान से मारने की धमकी देता था। पीड़िता ने अदालत में आरोपी की पहचान अपने सौतेले पिता के रूप में की और उसे सजा दिलाने की इच्छा जताई।

आरोपी ने आरोपों से किया इनकार

आरोपी कृपाराम ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया। उसने कहा कि बच्ची स्कूल जाने के बजाय प्रेमनगर घूमने जाती थी और एक लड़के से बात करती थी। उसने बच्ची को समझाया था, लेकिन नहीं मानने पर थप्पड़ मार दिया था। इसी बात पर उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। अभियोजन पक्ष ने पीड़िता की गवाही और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी

अदालत ने पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ठ)(ड)/6 के तहत आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत भी छह महीने की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर 15 दिन की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी और जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी। पीड़िता की उम्र और अपराध की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार को पांच लाख रुपये प्रतिकर देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

error: Content is protected !!