कानपुर। कल्याणपुर में निजी तस्वीरें वायरल करने और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान बीएससी की एक छात्रा को पढ़ाई छोड़नी पड़ गई। आरोप है कि युवक ने शादी का दबाव बनाने के लिए छात्रा की निजी तस्वीरें उसके पिता, भाई और रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दीं। विरोध करने पर छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोचिंग में हुई थी मुलाकात
बिल्हौर निवासी छात्रा कल्याणपुर स्थित एक महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। छात्रा के मुताबिक, कोचिंग के दौरान उसकी मुलाकात कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र स्थित गांव निवासी दीपक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे फोन पर संपर्क बढ़ गया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा को अपने झांसे में लेकर कॉलेज आने-जाने के दौरान उसके साथ घूमना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने बालिग होने पर शादी करने का भरोसा दिया। बाद में युवक उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।
होटल में खींची निजी तस्वीरें
छात्रा का आरोप है कि मार्च 2025 में आरोपी उसे कल्याणपुर जीटी रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसकी मर्जी के बिना निजी तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद आरोपी तस्वीरों के जरिए उस पर दबाव बनाने लगा। छात्रा के मुताबिक, जून 2026 में आरोपी उसे शिवली स्थित दिल्ली ढाबे पर ले गया। वहां एक कमरे में बंद कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी।
आर्य समाज मंदिर में शादी का दबाव
छात्रा का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उस पर आर्य समाज मंदिर में शादी करने का दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां देने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह न तो उसे पढ़ने देगा और न ही उसका घर बसने देगा। जरूरत पड़ी तो पांच लाख रुपये खर्च कर पूरे परिवार की हत्या करवा देगा।
आरोप है कि आरोपी ने छात्रा की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। इसके अलावा उसके पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भी तस्वीरें भेज दीं। इससे छात्रा और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो गया। लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना छोड़ दिया।
दो थानों में शिकायत के बाद पुलिस आयुक्त से मिली
छात्रा ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तीन अक्टूबर को बिल्हौर थाने में शिकायत की थी। इसके बाद 11 अक्टूबर को कल्याणपुर थाने पहुंचकर भी अपनी आपबीती बताई। आरोप है कि दोनों जगह शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्रा ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
