रुद्रपुर। रोडवेज बस स्टेशन के पास 30 अक्टूबर की रात हुए हमले में घायल राजेश की सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, रम्पुरा वार्ड नंबर 22 निवासी सुनीता ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 12 बजे उनके बेटे राजेश का रोडवेज स्थित अमन टी स्टॉल के सामने तीन युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार किए। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था। आरोप है कि तीनों युवक उसे मरा हुआ समझकर बाइक से फरार हो गए। बाइक का नंबर यूपी 21 डीई-3724 था और वह प्लेटिना थी। गंभीर हालत में राजेश को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुनीता की तहरीर पर पुलिस ने गौरव कुमार निवासी ग्राम खेड़ा, जिला मेरठ, प्रेम प्रशांत निवासी समर गोपालपुर, जिला रोहतक और चेतन वर्मा निवासी आवास विकास, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। युवक की मौत के बाद घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
