IMG_20261031_180052

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने जेड ग्लोबल कार्यालय के संचालक अलीम खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दुबई में नौकरी का झांसा देकर एक युवक से दो लाख रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने उसके कार्यालय से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और अवैध पिस्टल बरामद की है। जांच में आर्मेनिया में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ युवाओं से 19.27 लाख रुपये लेने का मामला भी सामने आया है।

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, रुद्रपुर के वार्ड नंबर 21 निवासी मुजाहिद ने 29 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि प्रीत विहार निवासी अलीम खान ने आवास विकास स्थित जेड ग्लोबल कार्यालय के माध्यम से उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिया था।

आरोप है कि मुजाहिद ने बाइक और जेवर बेचकर अलीम को दो लाख रुपये दिए। इसके बाद उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया गया। वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा दिखाने का भी आरोप है।

वापस लौटने पर मांगे रुपये तो दी धमकी

दुबई पहुंचने के बाद मुजाहिद को वीजा की वास्तविक स्थिति का पता चला। वहां उसे परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। भारत लौटने के बाद उसने आरोपी से रकम वापस मांगी। आरोप है कि अलीम ने अलग-अलग तारीखों में 30 हजार रुपये लौटाए, लेकिन बाकी 1.70 लाख रुपये देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल बरामद

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अलीम खान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 61 पासपोर्ट, एक डायरी और अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 10/24 भी बढ़ाई है। आरोपी की होंडा एक्टिवा स्कूटी सीज कर दी गई है।

आर्मेनिया में नौकरी के नाम पर आठ युवाओं से 19.27 लाख की ठगी

एसएसपी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी ने अमरोहा, मुरादाबाद और जसपुर के आठ युवाओं को आर्मेनिया में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। उन्हें करीब 55 हजार रुपये मासिक वेतन और मुफ्त रहने की सुविधा देने का वादा किया गया था। एक साल तक रोजगार की जिम्मेदारी लेने की बात कहकर युवाओं से कुल 19 लाख 27 हजार 500 रुपये लिए गए। इसके बाद सितंबर 2026 में सभी अलग-अलग तारीखों पर आर्मेनिया पहुंच गए।

आरोप है कि वहां पहुंचने पर युवाओं को वादे के मुताबिक नौकरी और सुविधाएं नहीं मिलीं। उन्हें 55 हजार रुपये के बजाय करीब 47 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी का विकल्प दिया गया। रहने और खाने के लिए 13 हजार रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त खर्च बताया गया। इसके अलावा हॉस्टल और रहने के नाम पर प्रत्येक युवा से 15 हजार रुपये और लिए गए।

वीजा में फोटो बदलने और जबरन काम कराने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दो युवाओं के वीजा में एक-दूसरे की फोटो लगाई गई थी। कुछ युवाओं को उनकी सहमति के बिना मीट फैक्टरी और पोर्क मीट की लोडिंग-अनलोडिंग के काम में लगा दिया गया। युवाओं ने जब एजेंसी के प्रतिनिधियों से पहले किए गए वादों के मुताबिक नौकरी और सुविधाएं मांगीं तो उन्हें काम करने या भारत लौटने का विकल्प दिया गया। अतिरिक्त वसूली गई रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया गया।

अब युवाओं के परिजनों ने पुलिस से पूरी रकम वापस दिलाने, आर्मेनिया में मौजूद युवाओं की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कराने और एजेंसी संचालक की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस बरामद पासपोर्ट और डायरी की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के शिकार युवाओं का पता लगाया जा सके।

error: Content is protected !!