रुद्रपुर। शादी की खुशियां उस समय मायूसी में बदल गईं, जब शादी से ठीक एक दिन पहले दूल्हा अचानक लापता हो गया। गुरुवार को दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया, लेकिन निर्धारित समय तक बारात नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद भी दूल्हे का कोई सुराग नहीं लगा। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। आखिरकार दुल्हन पक्ष के लोग रुद्रपुर पहुंच गए और पुलिस से शिकायत की।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी युवक का रिश्ता बरेली निवासी युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों की शादी होनी थी। दोनों परिवारों में विवाह को लेकर तैयारियां पूरी थीं और मेहमान भी पहुंच चुके थे। इसी बीच बुधवार रात युवक अचानक घर से लापता हो गया।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा। दूसरी ओर बरेली में दुल्हन और उसके परिजन बारात आने का इंतजार करते रहे। निर्धारित समय तक बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष ने जानकारी जुटाई। इस दौरान दूल्हे के लापता होने की बात सामने आई।
शादी के ऐन मौके पर हुए इस घटनाक्रम से दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। गुरुवार देर रात युवती पक्ष के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। युवती पक्ष का कहना था कि शादी तय होने के बाद अंतिम समय पर दूल्हे के लापता होने और बारात नहीं पहुंचने से उन्हें सामाजिक रूप से अपमानित होना पड़ा है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। फिलहाल युवक के अचानक लापता होने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
