IMG_20261120_165308

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में नाबालिग लड़की की शादी कराने का मामला सामने आने पर पुलिस और बाल कल्याण विभाग की संयुक्त टीम ने विवाह रुकवा दिया। शुक्रवार को सिडकुल स्थित वन शक्ति मंदिर में नाबालिग की शादी कराई जा रही थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शादी की प्रक्रिया रुकवा दी। पुलिस ने नाबालिग लड़की, युवक और दोनों पक्षों के कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की के माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो गया था। वह अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रहती है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले में रहने वाले एक युवक के संपर्क में आने के बाद दोनों के विवाह की बात शुरू हुई थी। युवक के परिजनों ने लड़की की बहन, जीजा और अन्य रिश्तेदारों को शादी के लिए राजी कर लिया था। इसके बाद शुक्रवार को सिडकुल स्थित वन शक्ति मंदिर में विवाह की तैयारियां की गईं। इसी बीच बाल कल्याण विभाग और पुलिस को नाबालिग की शादी कराए जाने की सूचना मिल गई। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया और दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

बताया जाता है कि नाबालिग चार बहनों में सबसे छोटी है। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। माता-पिता के निधन के बाद बड़ी बहन ही अन्य बहनों का पालन-पोषण कर रही थी।फिलहाल पुलिस और बाल कल्याण विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। नाबालिग की उम्र और विवाह कराने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!