1200-675-28159871-thumbnail-16x9-assault-aspera

दिनेशपुर। थाना दिनेशपुर क्षेत्र में रास्ता रोकने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में बाइक सवार अभिषेक बाछाड़ और शुभम मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिषेक के गले में 24 टांके लगाए गए, जबकि शुभम के पेट और गले में आई चोटों पर 18 टांके आए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्गा कॉलोनी, वार्ड नंबर तीन निवासी 21 वर्षीय अभिषेक अपने दोस्त शुभम के साथ रात करीब 10 बजे बाइक से घर लौट रहा था। लाटनेशन के पास अभिजीत सिंह देउपा उर्फ अंशु, कमल सिंह राणा और अनुज राय ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

शिकायतकर्ता विशाखा बाछाड़ के मुताबिक, अभिषेक और शुभम ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के गले और शुभम के पेट व गले में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान अभिषेक के गले में 24 और शुभम को कुल 18 टांके लगाए गए। घटना के बाद शुभम ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर सूचना दी।

अभिषेक की मां विशाखा बाछाड़ ने 20 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित थपलियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!