IMG_20261121_083340

रुद्रपुर। शहर के गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में आए कुछ लोग एक युवक को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। हरियाणा नंबर की गाड़ी से पहुंचे इन लोगों को देखकर स्थानीय लोगों को अपहरण का शक हुआ। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में पता चला कि युवक को ले जाने वाले लोग पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम के सदस्य हैं।

मामला काजल मार्बल के पास का है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस रुद्रपुर के शिमला पिस्तौर निवासी रजनीश की तलाश कर रही थी। पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम ने उसे भूरारानी इलाके से गिरफ्तार किया था। इसके बाद टीम उसे लेकर गाबा चौक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसे ले जाने का विरोध किया।

सादे कपड़ों में पहुंची थी पुलिस टीम

शुक्रवार शाम पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम हरियाणा नंबर की गाड़ी से गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे काजल मार्बल के पास पहुंची। टीम के सदस्य सादे कपड़ों में थे। युवक को अपने साथ ले जाते देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने टीम से पूछताछ शुरू कर दी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

साइबर धोखाधड़ी के मामले में थी तलाश

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इसी मामले में पुलिस रजनीश की तलाश कर रही थी। टीम ने उसे भूरारानी से गिरफ्तार किया और अपने साथ ले जाने लगी।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें सादे कपड़ों में आए लोग युवक को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में लोगों को अपहरण का शक हुआ, लेकिन पश्चिम बंगाल पुलिस की पहचान स्पष्ट होने के बाद मामला शांत हुआ। बाद में टीम गिरफ्तार युवक को रुद्रपुर कोतवाली ले गई।

error: Content is protected !!