नानकमत्ता। कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर नंबर पांच निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि ग्राम जोगीठेर, कोतवाली नानकमत्ता निवासी गुरजीत सिंह से उसकी जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि युवक ने धीरे-धीरे उसे अपनी बातों में ले लिया और शादी करने का भरोसा दिलाया। इसी दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि युवक लगातार उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो युवक अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
महिला के अनुसार, युवक के इस रवैये से परेशान होकर उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुरजीत सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
