cyber_fraud_investigation_optimized_50

हल्द्वानी । शहर में साइबर ठगी के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं, जिनमें ठगों ने दो महिलाओं को अपने झांसे में लेकर उनसे कुल 4.17 लाख रुपये की ठगी कर ली। पहले मामले में बेटे को अपराध में फंसाकर कस्टडी में रखने की बात कहकर एक मां से 1.75 लाख रुपये ऐंठ लिए गए, जबकि दूसरे मामले में महिला के बैंक खाते से तीन बार में 2.42 लाख रुपये निकाल लिए गए।

बताया जाता है कि बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के लाइन नंबर-1 आजादनगर निवासी महिला के मोबाइल पर 15 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए पूछा कि क्या उनका बेटा मध्य प्रदेश में पढ़ाई करता है। महिला के हामी भरते ही ठग ने दावा किया कि उनका बेटा किसी अपराध में शामिल होने के कारण कस्टडी में है और उसे छुड़ाने के लिए तत्काल 1.75 लाख रुपये जमा करने होंगे। बेटे पर संकट आने की बात सुनते ही महिला घबरा गई। ठग ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर उसे किसी से संपर्क नहीं करने और जल्द रकम देने के दबाव में ले लिया। महिला ने पहले 1.15 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उसने बेटे से बात कराने की मांग की तो ठगों ने दूसरी तरफ से बेटे जैसी आवाज में रोने की आवाज सुनाई। इससे महिला पूरी तरह घबरा गई और उसने बाकी रकम भी ट्रांसफर कर दी। बाद में जब महिला ने अपने बेटे से संपर्क किया तो पता चला कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और उसके खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। तब महिला को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।

ठगी का दूसरा मामला नवाबी रोड निवासी महिला से जुड़ा है। महिला ने हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि पांच नवंबर को साइबर अपराधियों ने मुखानी स्थित उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 2.42 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रकम निकासी के संदेश मिलने पर महिला के होश उड़ गए। उसने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए ठगों के मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां पुलिस को उपलब्ध कराईं।

पुलिस ने 19 नवंबर को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एसपी सिटी हरबंश सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर साइबर अपराधियों की तलाश और जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी अथवा वित्तीय दस्तावेज साझा न करें। फोन पर किसी व्यक्ति द्वारा खुद को पुलिस, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट करने, परिजनों को हिरासत में लेने अथवा मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगे जाएं तो घबराकर रकम ट्रांसफर न करें। तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

error: Content is protected !!