दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर में एक 32 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वार्ड नंबर सात निवासी सुमित शाहा पुत्र सुकुमार शाहा के रूप में हुई है। बताया गया कि सुमित ऑनलाइन मार्केटिंग का काम करते थे। सोमवार को उनका शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
