IMG_20260419_102240

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में एक नाबालिग ने अपनी मां और सौतेले पिता पर उसे देह व्यापार में धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है। नाबालिग का आरोप है कि दोनों उसकी तस्वीरें वॉट्सऐप पर भेजकर ग्राहकों से सौदा तय करते थे। इसके बाद उसे अलग-अलग होटलों में ले जाया जाता था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती और कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा रखा जाता था।

नाबालिग ने सोमवार को घर से निकलकर रुड़की कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। शिकायत में उसने बताया कि उसकी मां और सौतेला पिता पहले उसकी तस्वीरें वॉट्सऐप के माध्यम से भेजते थे। सौदा तय होने के बाद उसे रुड़की, कलियर, भगवानपुर और उत्तर प्रदेश के पुरकाजी स्थित अलग-अलग होटलों में ले जाया जाता था। आरोप है कि वहां अधेड़ उम्र के लोगों के साथ ही कम उम्र के लड़के भी उसका यौन शोषण करते थे।

विरोध करने पर मारपीट और भूखा रखने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, जब भी वह इस काम का विरोध करती थी, तो मां और सौतेला पिता उसके साथ मारपीट करते थे। उसे घर के कमरे में बंद कर कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा जाता था। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

सीओ ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ओशिन जोशी ने नाबालिग को अपने पास बुलाकर उससे पूरी जानकारी ली। सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि नाबालिग की तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!