images (5)

रुद्रपुर। मुक्तेश्वर क्षेत्र में घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार करने के बाद उसे बेचने रुद्रपुर पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस बेचने की योजना बना रहे थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि सोमवार रात एसआई जीवन सिंह अधिकारी और एसआई दीपक बहुगुणा पुलिस टीम व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रोडवेज के पास दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम दीनो, पहाड़पानी निवासी गोपाल चंद पुत्र शंकर राम और ग्राम मल्ला दीनो, पहाड़पानी निवासी भुवन चंद्र पुत्र ईश्वरी राम के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं। दोनों ने अपने घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार की थी। इसके अलावा गांव के कुछ लोगों से भी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदी थी। इसके बाद वे चरस बेचने के लिए रुद्रपुर आए थे। आरोपियों की योजना सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस बेचने की थी। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

error: Content is protected !!