रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने मोदी मैदान में युवक पर तमंचा तानकर मारपीट करने और रुपये मांगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, खेड़ा वार्ड नंबर-19 निवासी बृजलाल उर्फ विजय ने 23 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह अपने बेटे तुषार कुमार के साथ मोदी मैदान में पिकअप गाड़ी के पास बैठे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल और स्कूटी से चार युवक वहां पहुंचे। इनमें जस्सी और शंकर भी शामिल थे।
आरोप है कि युवकों ने तुषार के साथ गाली-गलौज करते हुए रुपये मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और तमंचा तानकर मारपीट शुरू कर दी। पिता-पुत्र के विरोध करने और डायल 112 पर सूचना देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 23 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सिडकुल रोड स्थित बालाजी ट्रेडर्स के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान शंकर निवासी सौरभ नगर, शिवनगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट और संबंधित बीएनएस धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी समेत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
