ऊधम सिंह नगर। काशीपुर के रम्पुरा क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, गर्भ में बेटी होने पर कथित तौर पर गर्भपात कराने और नवजात बच्ची के जन्म के बाद विवाहिता की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के स्वार थाना क्षेत्र के अहमदनगर निवासी मंजीत कौर (25) की शादी करीब दो साल पहले काशीपुर के रम्पुरा निवासी अमित सिंह से हुई थी। अमित क्षेत्र में छोटी दुकान चलाता है। सोमवार रात मंजीत की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मंगलवार सुबह मृतका के भाई संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। संदीप का आरोप है कि ससुराल पक्ष लड़की पैदा होने के खिलाफ था। करीब एक साल पहले गर्भवती होने पर लिंग परीक्षण कराने के बाद कथित तौर पर मंजीत का गर्भपात करा दिया गया था।
मायके पक्ष के मुताबिक, मंजीत दोबारा गर्भवती थी। सोमवार रात अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही उसकी डिलीवरी कराई गई। आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद मंजीत की हत्या कर दी गई। हालांकि, नवजात बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
