रिपोर्ट:- बादल गंगवार
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शिक्षक पर छात्र के साथ मारपीट करने और उसके बाल उखाड़ने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फुटेज दिखाने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में लिखित शिकायत देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को स्कूल में किसी बात को लेकर शिक्षक ने छात्र को सजा दी। आरोप है कि पहले छात्र को कक्षा से बाहर खड़ा किया गया और इसके बाद उसके बाल उखाड़कर उसके साथ मारपीट की गई।
स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचे छात्र ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसी दिन स्कूल पहुंचे, लेकिन तब तक स्कूल बंद हो चुका था। अगले दिन अवकाश होने के कारण उनकी स्कूल प्रबंधन से बात नहीं हो सकी। बुधवार को परिजन दोबारा स्कूल पहुंचे और घटना की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फुटेज उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। इससे नाराज परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को बुलाया
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को कोतवाली बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और बच्चे को न्याय दिलाने की मांग की है।
