रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम दो बाइकों की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसूलाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गहिलू गांव निवासी धर्मेंद्र अपनी बुआ को बिसोहा, डेरापुर छोड़ने जा रहा था। इस दौरान मलखानपुर निवासी राजा भी उसी बाइक पर सवार था।
रसूलाबाद–झींझक मार्ग पर गेस्ट हाउस के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सलेमपुर महेरा गांव निवासी शिवा सवार था, जो रसूलाबाद कस्बे से अपने घर लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया गया।
सीएचसी में तैनात डॉक्टर प्रणवीर ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
