नानकमत्ता। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को 34.16 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में लिप्त बाइक सीज कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है। बृहस्पतिवार शाम प्रभारी निरीक्षक मंजू पांडे के निर्देशन में पुलिस कर्मी नानक सागर जलाशय के किशनपुर घाट के तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस चेकिंग देख भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बाइक चला रहे युवकों ने अपना नाम फरमान अंसारी निवासी गोटिया, खटीमा, सरफराज अहमद निवासी चंद्र वाटिका, महोलिया खटीमा और राजवीर सिंह निवासी गुरु नानक नगरी, सितारगंज बताया। तलाशी में फरमान अंसारी से 11.33 ग्राम स्मैक, सरफराज अहमद से 11.40 ग्राम और राजवीर सिंह से 11.43 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तस्करों ने बताया कि वे स्मैक के नशे के आदी हैं। वह स्मैक खरीद कर नशा करने के साथ ही बेचते भी है। निरीक्षक मंजू पांडे ने बताया कि तस्करी में लिप्त बाइक सीज कर आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
