02_10_2025-pilibhit_news_24067921_m

विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है जिसमें एक युवक को कथित तौर पर इथोपिया में बंधक बना लिया गया है। पीड़ित परिवार ने टूरिस्ट वीजा पर दक्षिण कोरिया भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और युवक को जान माल के खतरे में डालने का आरोप लगाया है। युवक का मुंह बांधने और शरीर पर चोट के निशान वाले फोटो परिजनों को भेजे गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्राम अब्दुल्ला नगर गदरपुर निवासी राजकुमार मंगलवार की शाम पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचे। उनका कहना था कि क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से उनके भांजे ने संपर्क किया। युवक ने उन्हें विश्वास में लेकर कहा कि वह राजकुमार को नौकरी के लिए विदेश भेज देगा। राजकुमार के अनुसार उन्होंने एक सप्ताह पूर्व 5.65 लाख रुपये अग्रिम तौर पर दिए थे। कुल सौदा 15 लाख में हुआ जिसमें से 9.35 लाख रुपये रोहित के सुरक्षित दक्षिण कोरिया पहुंचने के बाद दिए जाने थे। हालांकि, अभियुक्त ने रोहित को इथोपिया का वीजा दिया और कहा कि वह इथोपिया से ही दक्षिण कोरिया पहुंच जाएगा।

बताया कि चार अप्रैल को रोहित कुमार को पहले बैंकॉक, फिर शारजाह-दुबई और उसके बाद इथोपिया भेजा गया। पांच अप्रैल को इथोपिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद से रोहित का परिवार से संपर्क टूट गया है। राजकुमार आरोप है कि इथोपिया से प्राप्त तस्वीरों में रोहित का मुंह बंधा हुआ था और उसकी पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे वह जान माल के खतरे से गुजर रहा है और उसे वहां बंधक बना लिया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

error: Content is protected !!