रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने मुंबई और काठगोदाम के बीच नई साप्ताहिक सेंट्रल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। यह ट्रेन किच्छा होकर अपने गंतव्य तक जाएगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम ट्रेन बुधवार को मुंबई से रवाना हुई, जबकि बृहस्पतिवार को 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल ट्रेन ने अपनी पहली यात्रा शुरू की। ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इनमें दो जीएसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, सात शयनयान, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच शामिल हैं।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि ट्रेन काठगोदाम से चलकर हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी जंक्शन, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, शामगढ़, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी और बोरीवली होते हुए मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन काठगोदाम से दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
