रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में एक जीजा अपनी नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया। काफी तलाश के बाद भी जब नाबालिग का कोई सुराग नहीं लगा तो मां ने थाने पहुंचकर जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर के एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका बड़ा दामाद विनोद निवासी फरीदपुर हाजी, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद 15 अगस्त की रात को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। वह अभी तक घर वापस नहीं आई है। परिजनों ने रिश्तेदारी समेत सभी जगह तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ हर्षिता सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नाबालिग की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
