police-1024x576

हल्द्वानी। चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े वीडियो डाउनलोड करने के मामले में गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद कुमाऊं यूनिट की साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने काठगोदाम स्थित एक एमएससी प्रथम वर्ष के छात्र के घर पहुंचकर उसके और परिवार के मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। मामले में साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर छात्र को नोटिस देने की कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस के मुताबिक, काठगोदाम थाना क्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी, निवासी नीलाभ राज शाही के मोबाइल पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े वीडियो डाउनलोड किए जाने का मामला सामने आया था। नीलाभ, दीपेंद्र सिंह शाही का बेटा है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और गृह मंत्रालय की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के जरिए यह मामला केंद्रीय एजेंसी के संज्ञान में आया। इसके बाद केंद्रीय स्तर से मिले इनपुट पर कुमाऊं यूनिट की साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।

शनिवार शाम साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छात्र के घर पहुंची। टीम में एएसआई सत्येंद्र गंगोला, विनोद बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान शामिल रहे। साइबर कमांडो एएसआई विनोद बिष्ट और कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान ने मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की। पुलिस ने छात्र की मां के मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की और जरूरी डिजिटल सामग्री कब्जे में ली।

व्हाट्सएप ग्रुप की भी जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र व्हाट्सएप पर ‘TW CLASS’ नाम के ग्रुप से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, ग्रुप एडमिन तरुण बृजवासी ने उसे इस ग्रुप में जोड़ा था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ग्रुप में पोर्नोग्राफी से जुड़े वीडियो साझा किए गए थे या नहीं और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।

पोलैंड में बिताए समय की भी होगी जांच

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि छात्र सितंबर 2025 में पोलैंड गया था और वहां करीब ढाई महीने रहा था। साइबर पुलिस विदेश में रहने के दौरान उसकी गतिविधियों और डिजिटल संपर्कों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया ग्रुप और डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!