रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के लाला भगत स्थित रामगंगा नहर में जवारे विसर्जन के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के 24 घंटे बाद भी युवक का पता न चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने बिल्हौर–रसूलाबाद मुख्य मार्ग पर शाहबाजपुर नहर पुल के पास जाम लगा दिया। पुलिस और तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नाराज परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर क्षेत्र के दिनकरपुर गांव निवासी सतीश बुधवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ असालतगंज क्षेत्र के पदवापुर गड़रियन पुरवा में अपने ससुर रामकिशन के घर आए थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे गांव के ही धर्मपाल और रामप्यारे, कमल, सतीश को लाला भगत में लगे मेले को दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए थे।
परिजनों का आरोप है कि उनके मना करने के बावजूद दोनों युवक सतीश को अपने साथ ले गए। बाद में जवारे विसर्जन के दौरान सतीश रामगंगा नहर में डूब गया। जब सतीश देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और लाला भगत पुल पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दो अन्य युवकों के साथ आया व्यक्ति नहर में डूब गया और वे दोनों युवक वहां से चले गए।
शुक्रवार को घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग न मिलने पर परिजन और ग्रामीण शाहबाजपुर नहर पुल पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर रसूलाबाद कोतवाल एसएन सिंह और तहसीलदार संतोष कुमार सिंह पुलिस व राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया। इस बीच, एनडीआरएफ की टीम नहर में डूबे युवक की तलाश में जुटी है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि खोजबीन में लापरवाही हुई तो वे दोबारा जाम लगाएंगे।
